|
|
चीताखेड़ा । नौतपा नक्षत्र के आठवें दिन सोमवार को चीताखेड़ा अंचल में मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही तेज धूप और उमस के बीच सूर्यदेव के तीखे तेवर देखने को मिले। दिनभर लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा, लेकिन दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज धूलभरी अंधड़ के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। आसमान में लगातार बिजली चमकने और बादलों की तेज गर्जना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया। तेज अंधड़ के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए तथा बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन ने जनजीवन को प्रभावित तो किया, लेकिन लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत भी दिलाई। क्षेत्र में शाम साढ़े पांच बजे शुरू हुई बारिश देर रात लगभग सवा आठ बजे तक लगातार जारी रही। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम पूरी तरह खुशनुमा हो गया। किसानों और आम नागरिकों ने भी इस बारिश का स्वागत किया, क्योंकि इससे गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ खेतों में नमी भी बढ़ी है। बारिश और अंधड़ के चलते प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा बिजली के तारों और पेड़ों से दूर रहने की अपील की है। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |