|
|
मंदसौर। मध्यप्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सुनियोजित घेराबंदी कर 20 किलो अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की है तथा गिरोह से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीना (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तेरसिंह बघेल एवं सीएसपी श्री जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नई आबादी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में यह बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस को 31 मई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंतर्राज्यीय तस्कर बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित की गई और रणनीतिक रूप से घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 किलो ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की। गिरफ्तार आरोपी: हेमंत पिता पूनमचंद्र वर्मा (50 वर्ष) निवासी सृष्टि परिसर, भंवरकुआं रोड, इंदौर। मोना पति स्वर्गीय रमेश सेन (48 वर्ष) निवासी नंदा नगर, पाटनीपुरा, इंदौर, राहुल पिता लक्ष्मणलाल मीणा (36 वर्ष) निवासी मालीखेड़ा, प्रतापगढ़ (राजस्थान)। सुभाष उर्फ पिंटू पिता भंवरलाल नाहर (46 वर्ष) निवासी 4/45 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, प्रतापगढ़ (राजस्थान) जितेंद्र उर्फ कारू पिता मांगीलाल मीणा (35 वर्ष) निवासी माली का खेड़ा, प्रतापगढ़ (राजस्थान) फरार आरोपी अजीज उर्फ एजाज, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान)। जब्त सामग्री : 20 किलो ब्राउन शुगर (स्मैक), 01 सुजुकी एस-क्रॉस कार, 01 हुंडई क्रेटा कार 07 मोबाइल फोन, जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 33 लाख रुपये, मोबाइल फोन की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नई आबादी में अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी मध्यप्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में सक्रिय होकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। बरामद मोबाइल फोन की साइबर और तकनीकी जांच की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लायर नेटवर्क और आर्थिक लेनदेन का पता लगाया जा सके। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर (थाना प्रभारी नई आबादी), उप निरीक्षक विनय बुंदेला (थाना वायडी नगर), प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी (साइबर सेल), आरक्षक मनीष बघेल, आरक्षक मुज्जफरउद्दीन एवं नई आबादी थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। |