|
|
जून से जिलेभर में शुरू होगा राहगीर अभियान, जर्जर भवनों पर भी होगी कार्रवाई मंदसौर । कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को सुशासन भवन स्थित सभागार में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि से संबंधित लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिले, इसके लिए सीएमओ एवं जनपद पंचायतों के सीईओ विशेष ध्यान दें। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों में जर्जर भवनों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी जर्जर भवन में विद्यार्थियों को नहीं बैठाया जाए और न ही वहां शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएं। साथ ही भवनों की आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव समय पर सुनिश्चित किया जाए। नगर निकायों को भी अपने क्षेत्रों में जर्जर भवनों की पहचान कर आवश्यकता अनुसार उन्हें डिस्मेंटल करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जानकारी दी गई कि जून माह से जिले के सभी विकासखंडों में राहगीर अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी एसडीएम को आवश्यक तैयारियां करने तथा पटवारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा के बाद निराकृत होने वाले प्रकरणों में संबंधित अधिकारी पर प्रति प्रकरण 5 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्ट : विनोद धाकड़ |