|
|
पीएम मोदी ने बताया आम पन्ना, लस्सी और छाछ का महत्व, किसानों से श्री अन्न उत्पादन बढ़ाने की अपील नीमच/झाबुआ । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण रविवार सुबह कृषि विभाग के कृषक सभा गृह, झाबुआ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत, विज्ञान, जल संरक्षण और समाज सेवा जैसे विषयों पर देशभर के प्रेरणादायक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए जनभागीदारी की शक्ति को रेखांकित किया। उन्होंने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने, पर्याप्त पानी पीने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने भारतीय पारंपरिक पेय पदार्थों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए आम पन्ना, लस्सी, छाछ, सत्तू, कोकम शरबत और बेल पना जैसे पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक पेयों के महत्व को बताया। उन्होंने देश में आम की विभिन्न प्रसिद्ध किस्मों का उल्लेख करते हुए आम उत्पादक किसानों के योगदान की सराहना भी की। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रत्येक माह मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, विज्ञान, पर्यावरण और सामाजिक नवाचारों से जुड़े प्रेरणादायक विषयों को देशवासियों तक पहुंचाते हैं। यह कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनजागरूकता का सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का आग्रह करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से इनके अवशेष खाद्य श्रृंखला में शामिल होकर मानव स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहे हैं। इसलिए किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर होना चाहिए तथा मोटे अनाज यानी श्री अन्न के उत्पादन को बढ़ावा देना चाहिए। मंत्री ने कहा कि पहले बीपी और डायबिटीज जैसी बीमारियां मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों तक सीमित थीं, लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री महेश कुमार मंडलोई, उप संचालक कृषि विभाग श्री नगीन रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। |