रतलाम
दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की जान चली गई, जबकि उसके माता-पिता और दो छोटे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धामनोद टोल नाके के आगे हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के गोपालगंज जिले के खजुरिया बथामी गांव निवासी विक्की कुमार (35) अपनी पत्नी रानी देवी, बेटी दीपा कुमारी (14) तथा पुत्र प्रीतम (5) और पीयूष (7) के साथ कार से गुजरात के सूरत जा रहे थे। परिवार शुक्रवार शाम बिहार से रवाना हुआ था। शनिवार रात लंबी यात्रा के दौरान धामनोद टोल नाके से कुछ दूरी पर सड़क किनारे वाहन खड़ा कर विश्राम किया गया। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे परिवार ने दोबारा सफर शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद यह भीषण हादसा हो गया।
मृतका के पिता विक्की कुमार ने बताया कि पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को ओवरटेक किया। इसी दौरान ट्रक का पिछला हिस्सा कार से टकरा गया। वाहन को बचाने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया और कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भयावह था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में 14 वर्षीय दीपा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विक्की कुमार, उनकी पत्नी रानी देवी और दोनों बेटे घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है तथा ट्रक की पहचान करने के प्रयास भी जारी हैं।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत