रतलाम
शहर के थाना माणकचौक क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के प्रयास की घटना का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तेज कार्रवाई और त्वरित विवेचना के चलते पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को फरियादी युवराज सिंह चौहान पर थाना माणकचौक क्षेत्र अंतर्गत हरमाला, अशोक नगर स्थित फूलमंडी क्षेत्र में जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि तीन युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते युवराज सिंह चौहान को घेरकर चाकू से हमला किया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की रिपोर्ट पर थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 262/26 के तहत धारा 109, 296(बी), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं त्वरित दबिश के माध्यम से घटना के मात्र तीन घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी : मेहबूब पिता मुख्तियार हुसैन, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्रीन सिटी, अशोक नगर, रतलाम , रईस पिता मुख्तियार हुसैन, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्रीन सिटी, अशोक नगर, रतलाम, सद्दाम पिता मुख्तियार हुसैन, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्रीन सिटी, अशोक नगर, रतलाम पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी जब्त कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान (थाना प्रभारी माणकचौक), उप निरीक्षक अनुराग यादव (थाना प्रभारी दीनदयाल नगर), उप निरीक्षक राकेश मेहरा, उप निरीक्षक अंगद प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक आशीष मांगरिया, प्रधान आरक्षक राजसिंह, प्रधान आरक्षक दीपक बोरासी, प्रधान आरक्षक राजेश मईड़ा, आरक्षक अविनाश मिश्रा, हेमंत यादव, जीवन यादव, चंदर मार्को, वीरेंद्र बारोड़ तथा महिला आरक्षक प्रवीणा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से यह संदेश गया है कि रतलाम में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Crime reporter Jitendra Kumawat