रतलाम
मध्य प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणादायी सोच एवं दैनिक अवंतिका प्रेस की सराहनीय पहल को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था “राम-राम” द्वारा पक्षियों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के लिए विशेष सकोरा वितरण अभियान चलाया गया। भीषण गर्मी के इस दौर में जब तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और पक्षी पानी की तलाश में भटक रहे हैं, तब संस्था की यह पहल उनके लिए किसी जीवनदायिनी अभियान से कम नहीं है।
यह कार्यक्रम पूर्व गृह मंत्री श्री हिम्मत कोठारी एवं श्रीमती पुखराज कोठारी के सान्निध्य में आयोजित किया गया, जहां पक्षियों के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मिट्टी के सकोरे वितरित कर नागरिकों से उन्हें अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पानी से भरकर रखने की अपील की गई।
इस अवसर पर संस्था “राम-राम” के सक्रिय सदस्य जयपाल सिंह कुशवाह, यशपाल सिंह पँवार, प्रिंस बना, हितेंद्र सिंह शक्तावत एवं हर्षवर्धन सिंह गौड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने स्वयं विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सकोरे वितरित किए तथा लोगों को पक्षियों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि गर्मी के दिनों में जल स्रोत सूखने के कारण हजारों पक्षियों को पानी के अभाव का सामना करना पड़ता है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर या प्रतिष्ठान के बाहर एक सकोरे में पानी रख दे, तो असंख्य पक्षियों का जीवन बचाया जा सकता है। यह केवल सेवा का कार्य नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने संस्था की इस मानवीय एवं पर्यावरण हितैषी पहल की मुक्त कंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि ऐसे अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जीव-जंतुओं के प्रति दया, करुणा और संरक्षण की भावना को भी मजबूत करते हैं।
संस्था “राम-राम” का यह अभियान न केवल पक्षियों के लिए राहत का माध्यम बना, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण संदेश देने में भी सफल रहा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत