रतलाम / रिंगनोद
रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत रतलाम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रिंगनोद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 52 किलो 380 ग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (आईपीएस) द्वारा जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार और एसडीओपी जावरा श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में रिंगनोद पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जावरा–सीतामऊ रोड स्थित महादेव खाल, बोरवनी फंटा (ग्राम असावती) के पास कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ का परिवहन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके पास से पीसा हुआ डोडाचूरा 3 बड़े बैग और 1 ट्रॉली बैग सहित कुल 4 बैग में भरा हुआ मिला। जब्त सामग्री का कुल वजन 52 किलो 380 ग्राम निकला, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनोदसिंह (34) पिता किशोरसिंह, निवासी रामघड़ा रामगढ़, तहसील बाड़ी जिला रायसेन और धर्मेंद्रसिंह (26) पिता हरजीतसिंह, निवासी घोड़ापछाड़, तहसील सुल्तानपुर जिला रायसेन के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रिंगनोद में अपराध क्रमांक 173/2026 के तहत धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में चौकी प्रभारी असावती उपनिरीक्षक शरीफ खान, आरक्षक मनोज परिहार, नारायण धाकड़ एवं सैनिक जितेंद्र परमार की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Crime reporter Jitendra Kumawat