रतलाम / भावगढ़
रतलाम जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा बनाने में उपयोग होने वाला खतरनाक केमिकल 27 किलोग्राम एसीटिक एनहाइड्रेड जब्त किया है। इस कार्रवाई ने इलाके में सक्रिय अवैध नशा नेटवर्क की बड़ी साजिश को बेनकाब कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी उनि सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा रात्री में संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान निम्बोद-बेहपुर रोड स्थित चांदाखेड़ी फंटा पर एक टीवीएस मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर अचानक भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की, जिसमें एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को मौके से पकड़ लिया गया।
पकड़े गए बालक के पास से एक कैन में भरा हुआ 27 किलो एसीटिक एनहाइड्रेड बरामद हुआ, जो कि अवैध मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल किया जाता है। पूछताछ में बालक ने खुलासा किया कि यह केमिकल युवराज सिंह पिता भगवान सिंह राजपूत, निवासी रणायरा (थाना कालूखेड़ा, जिला रतलाम) के लिए ले जाया जा रहा था, जो बड़े स्तर पर नशे का निर्माण करने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने मौके से केमिकल के साथ करीब 60 हजार रुपये कीमत का माल एवं 50 हजार रुपये की मोटरसाइकिल भी जब्त की है। इस मामले में अपराध क्रमांक 79/26 के तहत धारा 8/15, 9A, 25A एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल मुख्य आरोपी युवराज सिंह फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में भावगढ़ थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Crime reporter Jitendra Kumawat