|
नई दिल्ली : अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई चर्चित क्रिकेटरों और फिल्मी हस्तियों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत की गई है और मामला विदेशी ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़ा बताया जा रहा है। ईडी के अनुसार, जांच में सामने आया है कि 1xBet भारत में प्रतिबंध के बावजूद सरोगेट ब्रांड्स के माध्यम से सक्रिय था और सोशल मीडिया के जरिए प्रचार किया जा रहा था। जांच एजेंसी का दावा है कि इस प्रचार के बदले कुछ हस्तियों को मोटी रकम का भुगतान हुआ। ईडी ने बताया कि कुल अटैच की गई संपत्तियों का मूल्य लगभग 7.93 करोड़ रुपये है, जिसमें चल और अचल दोनों प्रकार की संपत्तियां शामिल हैं। जांच के दायरे में पूर्व क्रिकेटर, अभिनेता और मॉडल शामिल हैं। कुछ मामलों में परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों को भी अटैच किया गया है। एजेंसी का कहना है कि यह नेटवर्क आईपीएल समेत विभिन्न खेल आयोजनों में सट्टेबाजी को बढ़ावा दे रहा था और इससे जुड़े धन के स्रोतों की गहन जांच की जा रही है। इससे पहले भी इसी मामले में अन्य नामों से जुड़ी संपत्तियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। ईडी ने संकेत दिए हैं कि अवैध ऑनलाइन बेटिंग और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन राष्ट्रीय सुरक्षा, साइबर अपराध और अन्य संगठित अपराधों से भी जुड़े हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है और आगे और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अवैध गतिविधियों के प्रचार या समर्थन पर सख्त रुख जारी रहेगा। रिपोर्ट : जितेंद्र कुमावत |