|
मिलावट की आशंका में पनीर, दही, घी, मावा सहित 6 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए नीमच : कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावट पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायत के निराकरण के लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने नीमच के इंद्रा नगर स्थित ऊषा डेयरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डेयरी संचालक श्री नीलेश नीमा उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान टीम ने विक्रय के लिए निर्माण के बाद भंडारित खाद्य पदार्थों पनीर, दही, घी, मावा, मिश्रित दूध एवं पाव के कुल 6 नमूने मिलावट की आशंका के चलते जांच हेतु लिए। जांच के दौरान 400 ग्राम की पैकिंग में भंडारित पाव के पैकेट पर खाद्य पदार्थों की अनिवार्य लेबलिंग संबंधी जानकारी अंकित नहीं पाई गई। पैकेट पर निर्माण दिनांक, बैच नंबर, बेस्ट बिफोर/समाप्ति दिनांक, निर्माता का पता एवं एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जैसी आवश्यक जानकारियां अनुपस्थित थीं। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत लेबलिंग प्रावधानों के उल्लंघन का प्रकरण दर्ज किया गया। खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लिए गए सभी 6 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्रवाई कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा की गई। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच और कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। |