|
चीताखेड़ा। नीमच जिले की अंतिम छोर पर स्थित तहसील जीरन की ग्राम पंचायत अमावली जागीर और घसुंडी जागीर के करीब 20 गांवों में किसान इन दिनों लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। हालात यह हैं कि बिजली के कम वोल्टेज के चलते करीब 25 प्रतिशत किसानों की सिंचाई मोटरें दिन के साथ रात में भी ठीक से नहीं चल पा रही हैं। इससे रबी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसानों का कहना है कि इस वर्ष अल्प वर्षा के कारण पहले ही खेती पर संकट बना हुआ है। ऐसे में जलस्रोतों में पानी उपलब्ध होने के बावजूद लो-वोल्टेज के कारण मोटरें नहीं चल पा रही हैं, वहीं कम वोल्टेज के कारण मोटरें जल रही है।क्षेत्र के अधिकांश किसान छोटे और सीमांत हैं, जिनके पास दो से तीन बीघा जमीन है। उन्हें अपनी फसलों की सिंचाई के लिए रातभर जागकर बिजली आने और वोल्टेज ठीक होने का इंतजार करना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्राम पंचायत अमावली जागीर और घसुंडी जागीर के सभी गांवों के किसानों ने कल दिवस 18 नवंबर बुधवार को नीमच पहुंचकर बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रीय विधायक के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त कर ज्ञापन सौंपेंगे। किसानों का कहना है कि बिजली लाइन के पूराने तार जर्जर हो चुके हैं बदलने और नए तार व ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएं, और जिन स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर से एलटी लाइन की दूरी अधिक है, वहां 11 केवी लाइन आगे बढ़ाकर नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएं, ताकि अंतिम छोर पर स्थित किसानों को भी पर्याप्त वोल्टेज मिल सके। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |