|
नवंबर से 30 जून तक चलेगा अभियान, तालाबों के संरक्षण, रिचार्ज स्ट्रक्चर निर्माण एवं वर्षा जल संचयन पर रहेगा विशेष जोर आगर-मालवा : जलगंगा संवर्धन अभियान 3.0 की पूर्व तैयारियों के संबंध में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना द्वारा सभी जिलाधिकारियों और त्रिस्तरीय पंचायतों, नगरीय निकायों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे जल गंगा संवर्धन अभियान की सफलता के लिए पूर्व तैयारी अभी से प्रारंभ कर दें। शासन के निर्देशानुसार यह अभियान नवंबर 2026 से 30 जून 2027 तक संचालित होगा। अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण एवं पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के व्यापक कार्य किए जाएंगे। बैठक में भूजल स्तर की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने वर्षा जल संचयन एवं भूजल स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जल संरचनाओं के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व निर्मित तालाबों, चेकडैम, स्टॉपडैम एवं अन्य जल संरचनाओं का सर्वे कर आवश्यक मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कराया जाए। तालाबों एवं बावड़ियों की साफ-सफाई, गहरीकरण एवं संरक्षण के कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। तालाबों के कैचमेंट एरिया एवं जल आवक मार्गों को व्यवस्थित किया जाए। तालाबों के चैनलों की डी-सिल्टिंग कर जल प्रवाह सुचारू बनाया जाए। भूजल पुनर्भरण एवं रिचार्ज स्ट्रक्चर के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा जल को जमीन में पहुंचाने के लिए उपयुक्त स्थानों पर रिचार्ज पिट, रिचार्ज शाफ्ट एवं अन्य रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाए जाएं। अनुपयोगी एवं डिफंक्ट बोरवेल को तकनीकी मानकों के अनुरूप रिचार्ज वेल के रूप में विकसित किया जाए। पूर्व निर्मित चेकडैम एवं अन्य जल संरचनाओं का भूजल पुनर्भरण के लिए प्रभावी उपयोग किया जाए। शासकीय भवनों एवं अन्य उपयुक्त भवनों में रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डी-सिल्टिंग एवं जल स्रोतों के गहरीकरण के संबंध में निर्देश दिए गए कि सभी ग्राम पंचायतों में आवश्यकता के अनुसार तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की डी-सिल्टिंग के कार्य कराए जाएं। डी-सिल्टिंग से निकलने वाली उपजाऊ मिट्टी एवं गाद किसानों के खेतों तक पहुंचाई जाए, जिससे खेतों की उर्वरता बढ़ने के साथ तालाबों की जल संग्रहण क्षमता में भी वृद्धि हो। नालों की सिल्टिंग एवं सफाई कर वर्षा जल का प्राकृतिक प्रवाह सुचारु बनाया जाए। तालाबों के जल आवक एवं निकासी मार्गों को व्यवस्थित किया जाए। कंटूर ट्रेंचिंग एवं जलग्रहण क्षेत्र विकास के तहत सभी ग्राम पंचायतों में स्थल की भौगोलिक एवं तकनीकी उपयुक्तता के अनुसार कंटूर ट्रेंचिंग के कार्य कराए जाएं। जलग्रहण क्षेत्रों में वर्षा जल रोकने एवं भूमि में समाहित करने के लिए आवश्यक संरचनाएं विकसित की जाएं। भूमि कटाव रोकने तथा मिट्टी एवं नमी संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। खेत तालाब एवं वर्षा जल संचयन के लिए किसानों को अधिकाधिक खेत तालाब निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जाए। पात्र किसानों को संबंधित शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। खेतों में मेड़बंदी एवं अन्य जल संरक्षण कार्यों को बढ़ावा दिया जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए नागरिकों को जागरूक किया जाए। पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान कर कार्ययोजना तैयार की जाए। जल संरचनाओं के आसपास एवं उपयुक्त शासकीय भूमि पर पौधारोपण कराया जाए। पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। जनभागीदारी एवं वित्तीय संसाधनों के समन्वय के लिए अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, किसानों एवं आम नागरिकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जल संरक्षण के कार्यों में जनसहयोग प्राप्त कर अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। वीबी-जी राम जी योजना, आईडब्ल्यूएमपी, सांसद निधि, जनसहयोग, सीएसआर एवं अन्य उपलब्ध विभागीय योजनाओं के अभिसरण से कार्य कराए जाएं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप जल संरक्षण की कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा कि जलगंगा संवर्धन अभियान जिले में भूजल स्तर सुधारने एवं भविष्य की जल आवश्यकताओं को सुरक्षित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए वर्षा ऋतु से पूर्व प्रस्तावित कार्यों को पूर्ण करें। उन्होंने जल संरक्षण के कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने तथा अधिकाधिक जनसहभागिता से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। |