|
पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, कुख्यात तस्कर को केंद्रीय जेल इंदौर भेजा; वर्ष 2018 से 2026 तक छह आपराधिक प्रकरण दर्ज, चार मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नीमच। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और नशे के कारोबार में बार-बार संलिप्त होने वाले आरोपियों के विरुद्ध नीमच पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इसी कड़ी में जावद थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया रूंडी निवासी कथित मादक पदार्थ तस्कर लाभचंद उर्फ लाभू बंजारा (35) के विरुद्ध पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे एक वर्ष के लिए केंद्रीय जेल इंदौर में निरुद्ध कराया गया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश द्वारा नशे और मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के अंतर्गत की गई है। पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस चौकी सरवानिया महाराज ने यह कार्रवाई की। आठ वर्षों से तस्करी के मामलों में संलिप्तता पुलिस के अनुसार लाभचंद उर्फ लाभू बंजारा वर्ष 2018 से 2026 तक लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध थाना सादड़ी एवं थाना हमीरगढ़ जिला भीलवाड़ा, थाना जावद जिला नीमच तथा जीआरपी अजमेर में कुल छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें चार प्रकरण मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित हैं। पुलिस का कहना है कि बार-बार कार्रवाई और पकड़े जाने के बावजूद आरोपी कथित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा। इस पर उसकी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर आयुक्त उज्जैन संभाग के समक्ष प्रस्तुत किया गया। निरोध आदेश के बाद इंदौर जेल भेजा प्रस्ताव पर पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोध आदेश जारी होने के बाद पुलिस चौकी सरवानिया महाराज, थाना जावद की टीम ने 5 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद निरोध आदेश के पालन में उसे केंद्रीय जेल इंदौर में दाखिल कराया गया, जहां उसे एक वर्ष के लिए निरुद्ध किया गया है। नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी जिला दंडाधिकारी नीमच हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य नशे के नेटवर्क को तोड़ना और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है। |