रतलाम / सैलाना। दामोदरवंशी जूना गुजराती दर्जी समाज की सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से श्री रघुवीर टेकचंद सेवा समिति सैलाना के तत्वावधान में ओशिन परिसर में स्नेहभोज एवं बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, समाजहित के कार्यों तथा विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से मांगीलाल देवड़ा को श्री रघुवीर टेकचंद सेवा समिति सैलाना का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं नमन पटेल को दामोदर युवा मंच सैलाना का अध्यक्ष बनाया गया।
बैठक में अध्यक्ष पद के लिए दिनेश पटेल ने मांगीलाल देवड़ा का नाम प्रस्तावित किया, जिसका उपस्थित समाजजनों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। इसके बाद मांगीलाल देवड़ा को समिति का अध्यक्ष घोषित किया गया। उनसे समाज के वरिष्ठजनों से विचार-विमर्श कर कार्यकारिणी गठित करने का आग्रह किया गया।
इसी क्रम में नमन पटेल को दामोदर युवा मंच सैलाना की जिम्मेदारी सौंपते हुए कार्यकारिणी का गठन कर संगठन का विस्तार करने का निवेदन किया गया। समाजजनों ने आशा व्यक्त की कि नवनियुक्त पदाधिकारी आपसी सहयोग और समन्वय से सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सुशील पटेल ने प्रेरक उद्बोधन देते हुए सामाजिक कार्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज की उन्नति के लिए एकजुटता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं महेश सांवरिया ने धर्मशाला से संबंधित विगत वर्षों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण ट्रेलर ने किया। अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष मांगीलाल देवड़ा ने बैठक में उपस्थित सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।
समाजजनों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन मजबूत होगा और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत