मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गरोठ थाना पुलिस ने 163.100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति स्विफ्ट डिजायर कार से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने मामले में पंजाब के दो अन्य आरोपियों को भी दबोचा है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा और एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने तस्करी के इस नेटवर्क पर कार्रवाई की।
दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को गरोठ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चांदखेड़ी खुर्द निवासी प्रधानसिंह सौंधिया राजपूत अपने साथी बालुसिंह के साथ ग्रे रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP14ZK2216 में डोडाचूरा भरकर बोलिया की तरफ से पावटी और गरोठ होते हुए आठ लेन की ओर जाने वाला है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कार्रवाई की और संदिग्ध कार को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से आठ काले रंग के प्लास्टिक कट्टों में भरा 163.100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से प्रधानसिंह पिता उमरावसिंह 22 वर्ष तथा बालुसिंह पिता मांगुसिंह 50 वर्ष, दोनों निवासी चांदखेड़ी खुर्द को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से दो वीवो कंपनी के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 414/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8,15 और 29 में प्रकरण दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पंजाब के पटियाला निवासी गुरूप्रित सिंह पिता हरिचरण सिंह 41 वर्ष, तथा सुतराणा, पटियाला निवासी गुरूनाम पिता जोगिन्दरसिंह 36 वर्ष को भी गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से इनोवा वाहन क्रमांक PB13BN8023 जब्त किया गया। इस कार्रवाई के बाद मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है।
पुलिस ने 163.100 किलोग्राम डोडाचूरा जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है, वहीं एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये और इनोवा वाहन कीमत लगभग 20 लाख रुपये सहित 60 हजार के वीवो कंपनी के चार मोबाइल बरामद किया है।
इस प्रकार जब्त डोडाचूरा, दोनों वाहनों और मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 31 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में रणजीत सिंह निवासी वार्नीखेड़ी जिला झालावाड़ राजस्थान फरार है। जिसकी तलाश जारी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर डोडाचूरा की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है...