मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गरोठ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक बिना नंबर की सफेद स्कोडा कार से 2 क्विंटल 200 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त करते हुए 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार और मोबाइल सहित कुल 24 लाख 10 हजार रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम सनेही मिश्रा, एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उनि बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
इसी दौरान 7 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बिना नंबर की स्कोडा कार में भारतसिंह पिता शंकरसिंह निवासी लुका चिकनिया अवैध डोडाचूरा लेकर मेलखेड़ा-बर्डिया-अमरा होते हुए पावटी की तरफ जाने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को पकड़ा।
कार की सघन तलाशी लेने पर उसमें से 10 काले रंग के प्लास्टिक कट्टों में भरा 2 क्विंटल अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही आरोपी भारतसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में 4 लाख रुपये का डोडाचूरा, तस्करी में प्रयुक्त 20 लाख रुपये मूल्य की स्कोडा कार और 10 हजार रुपये का एंड्रॉइड मोबाइल जब्त किया है।
गरोठ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 408/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रिमांड लेकर आरोपी से डोडाचूरा के मुख्य स्रोत और इसे कहाँ डिलीवर किया जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गरोठ उनि बलवीरसिंह यादव, सउनि जसराजसिंह चंदेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।