उज्जैन। उज्जैन में शाही मस्जिद को हटाने की कार्रवाई को लेकर सोमवार सुबह तनाव की स्थिति बन गई। मस्जिद हटाने का विरोध कर रहे लोगों की बड़ी संख्या भारी पुलिस बल के सामने जुट गई। इसी बीच अंडा गली और टंकी चौक क्षेत्र में पथराव की सूचना सामने आने के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। घटनाक्रम के दौरान क्राइम ब्रांच की टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लगने जानकारी भी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाही मस्जिद को हटाने की कार्रवाई के दौरान सुबह से ही मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। इसी बीच अंडा गली की ओर से कुछ लोगों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश किए जाने की बात पुलिस ने कही है। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस बल को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा।
सात थाना क्षेत्रों का पुलिस बल छतरी चौक पहुंचा
रतलाम एसपी अमित कुमार के अनुसार, मौके पर अश्रुगैस के गोले छोड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि रतलाम के सात थाना क्षेत्रों के पुलिस बल को तत्काल छतरी चौक बुलाया गया है। पुलिस के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
पथराव के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
बताया जा रहा है कि एक ओर मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग प्रभावित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया में सहयोग कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर टंकी चौक की तरफ कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठियां चलाकर भीड़ को खदेड़ने का प्रयास किया। अचानक बने तनावपूर्ण हालात के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
भारी विरोध के बीच जारी रही तोड़फोड़ की प्रक्रिया
शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई भारी विरोध और तनाव के बीच आगे बढ़ती रही। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी है। घटनाक्रम के चलते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत