रतलाम/रावटी। 8 लेन सड़क के आसपास शराबखोरी, पत्थरबाजी और असामाजिक गतिविधियों को लेकर पुलिस प्रशासन अब सख्त मोड में है। सड़क किनारे शराब पीकर उत्पात मचाने वालों से लेकर रील के नाम पर खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं तक पर पुलिस की नजर रहेगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओपी आईपीएस लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गाडरिया ने ग्राम मौलावा के पंचायत भवन में बैठक लेकर ग्रामीणों को स्पष्ट संदेश दिया। बैठक में मौलावा सरपंच नरेंद्र गरवाल, देवपाड़ा सरपंच बद्रीलाल वसुनिया, तड़वी, पटेल, वरिष्ठ नागरिकों के साथ 8 लेन के आसपास के दुकानदार और मकान मालिक मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस ने कहा कि 8 लेन के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, राहगीरों से अभद्रता करने, पत्थरबाजी या हुड़दंग करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। इसके अलावा सड़क पर रील बनाने, बाइक से खतरनाक स्टंट करने और बिना वजह घूमकर माहौल खराब करने वाले युवाओं की गतिविधियों की जानकारी भी पुलिस तक पहुंचाने को कहा गया।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों और युवाओं को ऐसी गतिविधियों से दूर रखें, जिससे उनकी या राहगीरों की जान खतरे में पड़े। दुकानदारों और मकान मालिकों से भी 8 लेन के आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का आग्रह किया गया।
पुलिस का दो टूक संदेश
बैठक के जरिए पुलिस ने साफ कर दिया कि 8 लेन को उपद्रव का अड्डा बनाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शराब पीकर सड़क पर हंगामा, पत्थरबाजी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश सामने आने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।
रतलाम पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते सूचना दें, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत