|
आगर मालवा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जनसेवा के 25 साल पूरे हो रहे हैं। इन 25 सालों में विकास और जनकल्याण के जो अविस्मरणीय कार्य हुए हैं, उनकी जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के लिए सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा हैं। यह अभियान प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से प्रारंभ होकर 1 माह अर्थात 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। सेवा संकल्प अभियान विकसित भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इस अभियान में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वी.सी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में विगत 7 अगस्त से आरंभ जन-विश्वास अभियान सुशासन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर बनने जा रहा है। अभी तक उन्होंने स्वयं चार जिलों क्रमशः छिंदवाड़ा, बड़वानी, टीकमगढ़ और बालाघाट का भ्रमण किया है। उन्होंने फिल्ड भ्रमण कर सभी अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं तथा विकास गतिविधियों की मॉनिटरिंग करने और विभिन्न समुदायों से संवाद में बने रहने की अपील की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के पोर्टल को भी लांच किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की नीतियों के परिणामस्वरूप देश तेजी से प्रगति कर रहा है। कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार उक्त सेवा संकल्प अभियान का क्रियान्वयन आगर-मालवा जिले में भी जनभागीदारी के साथ सुनिश्चित किया जाएगा और विभिन्न सेवा गतिविधियां भी जिला, नगरीय निकाय, ब्लाक, पंचायत स्तर पर आयोजित की जाएगीं। वीडि़यों काफ्रेसिंग में भोपाल में विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष श्री हेमन्त खण्ड़ेलवाल, मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं आगर में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस सोलंकी, एड़ीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव एवं विभिन्न विभागो के जिला अधिकारी उपस्थित थें। |