|
कलेक्टर डॉ. मीना ने की “पोषण भी पढ़ाई भी” के तहत मिशन नींव कार्यक्रम की समीक्षा आगर मालवा, 01 सितंबर/ कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित “पोषण भी पढ़ाई भी” कार्यक्रम के तहत रॉकेट लर्निंग संस्था द्वारा संचालित “मिशन नींव” कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों के लिए संचालित शाला पूर्व शिक्षा (ECE) से संबंधित गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इस दौरान जिले में आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों, उनकी नियमितता तथा बच्चों की सहभागिता के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केन्द्रों पर संचालित “पोषण भी पढ़ाई भी” कार्यक्रम के तहत शाला पूर्व शिक्षा की गतिविधियों को नियमित एवं प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को उनकी आयु एवं रुचि के अनुरूप खेल, गतिविधियों, कहानी, गीत, कविता एवं अन्य रोचक माध्यमों से प्रभावी बनाया जाए, ताकि बच्चों में सीखने की स्वाभाविक प्रवृत्ति विकसित हो सके। बैठक में आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, बच्चों को केन्द्र पर आनंददायक एवं सीखने योग्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक बच्चे की सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर डॉ. मीना ने निर्देशित किया कि जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर शाला पूर्व शिक्षा संबंधी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हों तथा गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में भाषा, संज्ञानात्मक क्षमता, सामाजिक व्यवहार, रचनात्मकता एवं बुनियादी सीखने की क्षमताओं का विकास किया जाए। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को केवल पढ़ाने के स्थान पर उन्हें खेल-खेल में सीखने के अवसर प्रदान किए जाएं। बैठक में मिशन नींव कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केन्द्रों पर किए जा रहे कार्यों के बारे में भी बताया। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग से जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजीव गुप्ता, मिशन नींव कार्यक्रम से जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री राहुल चौरसिया एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक श्री राय सिंह बेगाना उपस्थित थे। क्रमांक/06/मालवीय/आरती/2026/फोटो |