|
|
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार से 60 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 12 अगस्त 2026 को की गई। पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नारायणगढ़ निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद सउनि के.एल. प्रजापति ने पुलिस टीम के साथ बरखेड़ा-विरपुरिया फंटे पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP.14.CC.0207 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में छुपाकर रखा गया 60 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार चालक कमलेश पिता शिवनारायण पाटीदार उम्र 32 वर्ष निवासी बाबुखेड़ा थाना पिपलियामंडी जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 250/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में गोपाल पिता नागुलाल गायरी निवासी भुन्याखेड़ी जिला मंदसौर फरार है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 किलो डोडाचूरा जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये, करीब 5 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन कीमत करीब 40 हजार रुपये सहित कुल करीब 6 लाख 60 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कमलेश पाटीदार के खिलाफ खिलाफ सेंधवा थाना बड़वानी में अपराध क्रमांक 120/2020, पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 355/2020 एवं 09/2023 तथा मल्हारगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 106/2022 के तहत एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणगढ़ सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। रिपोर्ट : कमलेश जी शर्मा |