रतलाम। प्रदेश के लाखों पेंशन हितग्राहियों के लिए मंगलवार का दिन राहत और खुशियों की सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय भोपाल से राज्य शासन की विभिन्न पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों को जुलाई 2026 की पेड इन अगस्त 2026 की पेंशन राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से वितरण किया। प्रदेश स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 35 लाख से अधिक हितग्राहियों को कुल 211.53 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण किया गया।
मुख्यमंत्री द्वारा किए गए इस राशि वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया गया। रतलाम कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया सहित संबंधित अधिकारी और पेंशन योजनाओं के हितग्राही मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उपसंचालक ने बताया कि रतलाम जिले में भी विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से हजारों हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। जिले में मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना के तहत 1398 हितग्राहियों को 600 रुपए प्रतिमाह के मान से कुल 8 लाख 38 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई।
इसी प्रकार बहु मानसिक आर्थिक सहायता योजना के अंतर्गत 1143 हितग्राहियों को 6 लाख 85 हजार रुपए तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 9926 हितग्राहियों को 59 लाख 55 हजार रुपए की राशि का लाभ दिया गया।
वहीं जिले में सबसे अधिक हितग्राहियों को मुख्यमंत्री कल्याणी पेंशन योजना का लाभ मिला। इस योजना के तहत 24 हजार 170 हितग्राहियों को कुल 1 करोड़ 45 लाख 2 हजार रुपए की पेंशन राशि प्रदान की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री अविवाहित पेंशन योजना के अंतर्गत 15 हितग्राहियों को 90 हजार रुपए की राशि वितरित की गई।
इस प्रकार रतलाम जिले के कुल 36 हजार 652 पेंशन हितग्राहियों को 2 करोड़ 20 लाख 70 हजार रुपए का आर्थिक लाभ मिला। सरकार की इन योजनाओं के माध्यम से वृद्धजनों सहित विभिन्न पात्र हितग्राहियों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और जीवन-यापन में सहारा देने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से राशि अंतरित कर यह संदेश दिया कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
रतलाम में भी बड़ी संख्या में हितग्राहियों को एक साथ मिली पेंशन राशि से परिवारों को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत