रतलाम । देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर रतलाम जिले में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। आगामी 15 अगस्त को पुलिस लाइन मैदान स्थित परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वर्षा ऋतु को देखते हुए अधिकारियों का विशेष ध्यान समारोह स्थल की व्यवस्थाओं पर रहा। निरीक्षण के दौरान मैदान की स्थिति आयोजन स्थल पर आवश्यक तैयारियां परेड से जुड़ी व्यवस्थाएं मंच व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजामों को लेकर अधिकारियों ने जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था सामने नहीं आनी चाहिए और सभी तैयारियां समय सीमा में पूरी की जाएं।
बारिश की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि समारोह में बड़ी संख्या में आमजन जनप्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारी पुलिस जवान विद्यार्थी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं। ऐसे में कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाएं व्यवस्थित और बेहतर होना बेहद जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार एडीएम श्री बृजेंद्र कुमार रावत एडिशनल एसपी श्री विवेक कुमार एसडीएम श्री तरुण जैन एसडीएम श्री आर्ची हरित नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए तैयारियों को लगातार गति दी जा रही है। 15 अगस्त को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा और राष्ट्रध्वज तिरंगे के सम्मान में पूरा वातावरण राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना से सराबोर रहेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत