रतलाम। श्रावण माह के पावन पर्व और द्वितीय श्रावण सोमवार के अवसर पर रतलाम शहर में सनातन आस्था और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। हिंदू जागरण मंच रतलाम द्वारा अमर बलिदानियों को नमन करने के उद्देश्य से भव्य महाआरती एवं 1111 दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 10 अगस्त 2026 सोमवार की रात 8 बजे अमरेश्वर महादेव मंदिर परिसर नगर निगम चौराहा रतलाम में होगा।
आयोजकों के अनुसार श्रावण माह भगवान महादेव की आराधना का विशेष पर्व माना जाता है और इसी पावन अवसर पर देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों और अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 1111 दीप प्रज्वलित कर अमर बलिदानियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
इस आयोजन को लेकर हिंदू जागरण मंच की ओर से शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को भव्य बनाने की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि महाआरती के माध्यम से भगवान महादेव की आराधना के साथ राष्ट्र की सुरक्षा और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
1111 दीपों से जगमगाएगा अमरेश्वर महादेव मंदिर
श्रावण सोमवार की शाम जब अमरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 1111 दीप प्रज्वलित होंगे, तो पूरा वातावरण भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आएगा। महाआरती के दौरान श्रद्धालु भगवान महादेव की आराधना करेंगे और अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
हिंदू जागरण मंच रतलाम की ओर से कार्यक्रम को लेकर सादर आमंत्रण जारी किया गया है। मंच ने शहर के धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचें और इस धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन का हिस्सा बनें।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत