रतलाम /सैलाना। कल्याण केदारेश्वर महादेव की असीम कृपा से तृतीय वर्ष आयोजित निःशुल्क विशाल पैदल कावड़ यात्रा रविवार को सैलाना नगर में पूरे उत्साह और धार्मिक उमंग के साथ निकाली गई। कावड़ यात्रा में बड़ी संख्या में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे कावड़िए, भक्तगण, समाजजन, नगर के वरिष्ठजन एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। ढोल-डीजे की गूंज और भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा सैलाना शिवमय नजर आया।
कावड़ यात्रा की शुरुआत नीलकंठेश्वर महादेव शंकर मंदिर जुनावास रोड से हुई। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कावड़िए डीजे और ढोल की धुन पर नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए। यात्रा सै पैलेस चौराहा होते हुए चिंताहरण गणेश मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्री गणेश का पूजन-अर्चन कर यात्रा को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद कावड़ यात्रा बस स्टैंड क्षेत्र से होते हुए उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दर्शन के लिए रवाना हुई।
कावड़ यात्रा के दौरान पूरे नगर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जगह-जगह नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने कावड़ियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। कई स्थानों पर कावड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। यात्रा में आगे-आगे भगवान भोलेनाथ की टोली चल रही थी, वहीं पीछे बड़ी संख्या में कावड़िए भक्ति में लीन होकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
यात्रा के दौरान बोल बम, हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से सैलाना का वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। कावड़ यात्रा के मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी करते रहे। नगर सुरक्षा टीम भी पूरे समय अलर्ट रही।
आयोजन समिति के अनुसार कावड़ यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भगवान महादेव की भक्ति से जोड़ना और धार्मिक आस्था के साथ सामूहिक रूप से बाबा महाकाल के दर्शन करना है। तृतीय वर्ष आयोजित इस विशाल कावड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
यात्रा के आयोजक सैलाना मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर (पिंटू), गोपाल जाट एवं संजय पाटीदार सहित समिति के सदस्यों ने यात्रा में शामिल सभी भक्तों, समाजजनों, वरिष्ठ नागरिकों और आसपास से पहुंचे कावड़ियों का आभार व्यक्त किया। कल्याण केदारेश्वर महादेव सेवा समिति सैलाना के तत्वावधान में आयोजित यह कावड़ यात्रा धार्मिक एकता और श्रद्धा का भव्य संदेश देती नजर आई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत