रतलाम। श्रावण मास के पावन अवसर पर रतलाम में धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। आदर्श वाल्मीकि पंचायत एवं सुभाष नगर मोहल्ला सुधार समिति, रतलाम द्वारा निष्ठा कांवड़ यात्रा का श्रद्धा भक्ति और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही कांवड़ यात्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पूरा वातावरण हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। समिति के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करते हुए उनका माल्यार्पण कर आत्मीय अभिनंदन किया।
श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया कांवड़ यात्रियों के स्वागत के दौरान धर्म और आस्था के साथ सामाजिक एकता एवं भाईचारे की भी मिसाल देखने को मिली।
समिति सदस्यों ने कांवड़ यात्रियों की मंगलमय, सफल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से प्रदेश एवं देश में सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की।
स्वागत कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज अध्यक्ष शुभम डागर एवं समिति अध्यक्ष नितिन फाथरोड के नेतृत्व में समाजजनों ने कांवड़ यात्रियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कुंदन धूलिया, चंदन निगम, लक्ष्मण जी कल्याणे, सूरज खरे, ऋतिक हाड़े, सोनू गौरण, भगत रवि डागर, अमर गिरजे, विकास गिरजे, आकाश भाटी, चिंटू मेवाती, अंकित भाटी, लोकेश गिरजे, आनंद घोसर, करण दावरे, वंश चावरे, सावन धनवार, विकास चावरे, गौतम गौरण, सन्नी डागर एवं सचिन कलोशिया सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कांवड़ यात्रियों के प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त करते हुए समिति पदाधिकारियों ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की भक्ति और सेवा का पावन अवसर है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आस्था प्रेम भाईचारा और सद्भाव मजबूत होता है। कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं बल्कि सेवा समर्पण और सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देती है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समिति द्वारा सभी कांवड़ यात्रियों के सफल एवं सुरक्षित यात्रा पूर्ण करने की कामना की गई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष लगाए। जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया और भक्तिमय वातावरण के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत