उज्जैन। अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन में उज्जैन शहर की समाजसेविका एवं सेवाभावी महिला श्रीमती नीलम विश्वास को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त संस्था अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन की ओर से उन्हें उज्जैन शहर महिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष संदीप सूरी की अनुशंसा एवं ओम भारद्वाज की सहमति से संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ल द्वारा की गई है।
श्रीमती नीलम विश्वास के महिला शहर अध्यक्ष मनोनीत होने की खबर सामने आते ही गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं में उत्साह का माहौल है। महिलाओं का मानना है कि नीलम विश्वास सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ल ने भी इसी विश्वास और अपेक्षा के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है कि वे उपभोक्ताओं विशेषकर महिलाओं और कमजोर वर्ग के लोगों के अधिकारों के लिए निरंतर आवाज बुलंद करेंगी।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रीमती नीलम विश्वास को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। इस नियुक्ति को उज्जैन शहर में उपभोक्ता अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शुभकामनाएं देने वालों में अशोक उदयवाल, अभिषेक भारद्वाज, रवि यादव, दिलीप टटावत, श्रीमती सोनिया ठाकुर, मीना जायसवाल, ललिता दीदी, मोना मालवीय, लक्ष्मी साजन परिहार, तेजू भाई और जस्सू सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन से जुड़े लोग शामिल रहे।
इस अवसर पर समर्थकों ने उम्मीद जताई कि श्रीमती नीलम विश्वास अपनी नई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करते हुए उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी तथा किसी भी प्रकार के शोषण एवं अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएंगी।
उक्त जानकारी संगठन से जुड़े अभिषेक भारद्वाज ने दी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत