रतलाम, शिवगढ । रतलाम जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने शिवगढ़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। होटल, ढाबों और किराना दुकानों पर एक साथ की गई सघन जांच के दौरान अवैध रूप से रखी गई देशी शराब और बीयर की खेप जब्त की गई।
कार्रवाई में कुल 52 पाव देशी प्लेन शराब, 40 केन बीयर तथा 10 बोतल प्रेसिडेंट बीयर बरामद हुई। मामले में 5 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त श्री विकास मण्डलोई के मार्गदर्शन में जिलेभर में चलाए जा रहे अवैध मदिरा विक्रय एवं परिवहन विरोधी अभियान के तहत की गई।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने 16 जुलाई को आबकारी उपनिरीक्षक श्री सचिन भास्करे के नेतृत्व में सैलाना वृत्त के अंतर्गत शिवगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में होटल, ढाबों और किराना दुकानों की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान मधुबन ढाबा, निकिता किराना, राजपूताना ढाबा, पारगी ढाबा, देवश्री ढाबा सहित अन्य प्रतिष्ठानों से अवैध रूप से रखी गई शराब और बीयर बरामद की गई।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के अंतर्गत 5 प्रकरण दर्ज किए हैं। जब्त की गई मदिरा का अनुमानित बाजार मूल्य 11 हजार 152 रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक पुष्पराज चौहान, प्रधान आरक्षक रामचरण पवार तथा नगर सैनिक नरेंद्र सिंह भाटी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री होती दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत