पिपलिया मंडी। परमात्मा की कृपा और गुरु का सानिध्य मिल जाए तो मंजिल स्वतः ही आसान हो जाती है। इसी भावना को साकार करते हुए वर्धमान युवा परिवार द्वारा प्रत्येक पूर्णिमा पर पिपलिया मंडी से बही पार्श्वनाथ तीर्थ तक निकाली जाने वाली पैदल यात्रा का क्रम निरंतर जारी है।
अक्टूबर 2023 में प्रारंभ हुई यह धार्मिक यात्रा अब अपने 34वें पड़ाव तक पहुँच चुकी है। पिछले 34 माह से प्रत्येक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था, भक्ति एवं विश्वास के साथ बही पार्श्वनाथ तीर्थ की पैदल यात्रा कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
सोमवार, 29 जून को आयोजित 34वीं पैदल यात्रा में यात्रा के प्रेरणास्रोत एवं मार्गदर्शक परम पूज्य मुनि श्री विरल विजय जी महाराज साहब एवं परम पूज्य मुनि श्री विरागरत्न विजय जी महाराज साहब का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। उनके मंगल आशीर्वाद एवं प्रेरणा से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ यात्रा संपन्न की।
बही पार्श्वनाथ तीर्थ पहुँचने पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक चैत्यवंदन किया। इसके पश्चात पूज्य मुनिश्री ने अपने प्रेरक प्रवचनों के माध्यम से धर्म, संयम एवं सदाचार का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में वर्धमान युवा परिवार के सभी सदस्यों का बहुमान किया गया।
पिछले 34 माह से निरंतर जारी यह धार्मिक यात्रा क्षेत्र में आस्था, भक्ति, विश्वास एवं सामाजिक एकता का प्रेरणादायी उदाहरण बन गई है।
विनोद सांवला हरवार