रतलाम। खाद, बीज, कीटनाशक तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को रतलाम जिला मुख्यालय पर कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष एवं सैलाना के पूर्व विधायक हर्षविजय गहलोत के नेतृत्व में जिलेभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान रैली में शामिल हुए। सैलाना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान बैलगाड़ियों और अन्य वाहनों से रतलाम पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय सुबह से ही पुलिस छावनी में तब्दील रहा। प्रमुख चौराहों, कलेक्ट्रेट मार्ग और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया तथा जगह-जगह बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
कांग्रेस की रैली सैलाना बस स्टैंड मंडी क्षेत्र से शुरू होकर धानमंडी बाजार पहुंची, जहां पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ता रोक दिया। कांग्रेस नेताओं ने पहले से अनुमति होने का हवाला देते हुए बैरिकेड हटाए और रैली गणेश देवरी, कॉलेज रोड होते हुए छत्रीपुल पहुंची। यहां कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले सभी मार्ग पूरी तरह बंद मिले। कांग्रेस कार्यकर्ता राज्यपाल के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
इसके बाद छत्रीपुल रोड पर ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। हालात तनावपूर्ण होते देख प्रशासन ने मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड से वाटर कैनन चलाकर प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने का प्रयास किया। तेज पानी की बौछारों के बावजूद कार्यकर्ता काफी देर तक सड़क पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
मौके पर मौजूद सीएसपी सत्येंद्र घनघौरिया ने कांग्रेस नेताओं से सड़क पर ही ज्ञापन देने का आग्रह किया, लेकिन नेता कलेक्टर से सीधे मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक चली खींचतान और हंगामे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता बिना ज्ञापन सौंपे ही वापस लौट गए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक हर्षविजय गहलोत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों तथा आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन हो चुकी है। कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में कमी आने के बावजूद पेट्रोल-डीजल महंगा बेचा जा रहा है। वहीं किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक ऊंचे दामों पर खरीदने पड़ रहे हैं, जिससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने जिले में बढ़ते नशे और अवैध शराब के कारोबार पर भी सवाल उठाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी बात रखने और ज्ञापन सौंपने का अधिकार है, लेकिन सरकार आवाज उठाने वालों को रोकने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध को दबाने में लगी हुई है।
प्रदर्शन में नगर परिषद सैलाना अध्यक्ष लक्की शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़, वीरेंद्र सिंह सोलंकी, यास्मीन शेरानी, यूसुफ कड़पा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, राजीव रावत, मंसूरअली पटौदी, संजय चौहान सहित जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे प्रदर्शन के दौरान रतलाम शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत