रतलाम/सैलाना। ग्रामीण पत्रकारिता को नई दिशा देने वाले सैलाना के वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब सैलाना के संस्थापक अध्यक्ष रहे स्वर्गीय कैलाश नारायण त्रिवेदी को श्रमजीवी पत्रकार संघ की संभागीय इकाई द्वारा आयोजित भव्य पत्रकार सम्मान समारोह में मरणोपरांत सम्मानित किया गया। ग्रामीण अंचलों में निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और निर्भीक पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को स्मरण करते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में स्व. त्रिवेदी की ओर से उनके पुत्र एवं सैलाना के वरिष्ठ पत्रकार वीरेन्द्र त्रिवेदी ने सम्मान ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्हें अभिनंदन पत्र, शाल, मोतियों की माला एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने स्व. कैलाश नारायण त्रिवेदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम माना। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और आमजन की आवाज़ को मंच देने में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
कार्यक्रम में श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शरद जोशी, नवनियुक्त संभागीय अध्यक्ष राजेश जैन तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्व. त्रिवेदी के पत्रकारिता जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके सिद्धांत, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकार आज भी युवा पत्रकारों के लिए आदर्श हैं। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे पत्रकारों की विरासत को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस गरिमामय समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सैलाना से विमल मांडोत, मनोज भंडारी, संजय शर्मा, विक्रम बैरागी, नितिन पटेल सहित अनेक पत्रकारों ने भी सहभागिता कर स्व. त्रिवेदी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
समारोह का वातावरण सम्मान, स्मरण और प्रेरणा से ओतप्रोत रहा। पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि स्वर्गीय कैलाश नारायण त्रिवेदी का पत्रकारिता के प्रति समर्पण और जनहित के मुद्दों पर उनकी निर्भीक लेखनी आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उनके मरणोपरांत मिले इस सम्मान को पूरे पत्रकारिता जगत एवं सैलाना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत