|
|
मंदसौर। नाहरगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 260 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा तथा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत 15 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 7 जून 2026 को नाहरगढ़ थाने में पदस्थ कार्यवाहक उप निरीक्षक रशीद पठान को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति पिकअप वाहन क्रमांक RJ-17-GA-4404 में अवैध डोडाचूरा भरकर बडोद खंडेरिया काचर क्षेत्र से कयामपुर, रिस्थल और विशन्या होते हुए राजस्थान के झालावाड़ की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक नीमच विनोद कुमार मीणा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी नाहरगढ़ वरुण तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने डिगांव-बसई रोड स्थित बोलिया फंटा पर घेराबंदी कर नाकाबंदी की। रूपनी की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी लेने पर उसमें रखे 13 प्लास्टिक कट्टों से कुल 260 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। मौके से पुलिस ने आरोपी कुशाल सिंह सोधिया (42) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजस्थान के झालावाड़ जिले के गुराड़ी का खेड़ा गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार जब्त 260 किलोग्राम डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 5 लाख 20 हजार रुपये तथा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल जब्ती 15 लाख 20 हजार रुपये की रही। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जांच जारी है। |