रतलाम
रतलाम जनपद शिक्षा केंद्र रतलाम में नवागत बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) सुश्री सुरेखा सिंह माना के पदभार ग्रहण करने पर उनका आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
स्वागत समारोह के दौरान उपस्थित साथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सुश्री सुरेखा सिंह माना के नेतृत्व में जनपद शिक्षा केंद्र रतलाम में शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी तथा विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। सभी ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विद्यार्थियों के हित में नवाचार एवं सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई ।
इस अवसर पर श्यामलाल राणा, अरविंद माहौर, राधेश्याम यादव, मोहित पालीवाल एवं कमल सिंह सोलंकी ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी तथा कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनुभव और कार्यशैली का लाभ पूरे विकासखंड को मिलेगा।
कार्यक्रम में गोपालपुरी गोस्वामी एवं संध्या जैन की विशेष उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर नवागत बीआरसी का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला और उपस्थितजनों ने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणाममूलक बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
नवागत बीआरसी सुश्री सुरेखा सिंह माना के स्वागत समारोह ने जनपद शिक्षा केंद्र रतलाम में उत्साह का माहौल बना दिया।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत