रतलाम / जावरा
लायंस इंटरनेशनल के महत्वाकांक्षी "मिशन 1.5" के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय नेतृत्व कार्यशाला का भव्य आयोजन 1, 2 एवं 3 जून को चेन्नई स्थित होटल ग्रैंड चोला में सम्पन्न हुआ। देशभर से पहुंचे 530 प्रतिनिधियों के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण शिविर में लायंस क्लब जावरा के पूर्व अध्यक्ष एवं डिस्ट्रिक्ट जीईटी (क्लब एक्सटेंशन) कोऑर्डिनेटर अनिल धारीवाल ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जावरा का गौरव बढ़ाया।
कार्यशाला में लायंस इंटरनेशनल अध्यक्ष ए.पी. सिंह, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय डायरेक्टर प्रवीण छाजेड़, नरेन्द्र भण्डारी, वी.के. लड़िया, जितेन्द्र चौहान, श्याम मालपानी, संगीता जटिया, गेट एरिया लीडर मनीष शाह, मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन प्रवीण वशिष्ठ, रीना धुपिया तथा मल्टीपल जीईटी बलबीर साहनी सहित देशभर के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट 3233 जी-1 के गवर्नर इलेक्ट जयप्रकाश त्रिपाठी, वाइस गवर्नर राम जाट, डॉ. आर.के. सोडानी, डिस्ट्रिक्ट जीईटी (क्लब एक्सटेंशन) कोऑर्डिनेटर अनिल धारीवाल (जावरा), जीएमटी कोऑर्डिनेटर अनिता जैन (सनावद) तथा भागचंद जैन (सनावद) सहित विभिन्न प्रांतों के निर्वाचित गवर्नर एवं उनकी टीमों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में लायंस इंटरनेशनल द्वारा निर्धारित सदस्यता विस्तार एवं संगठन सुदृढ़ीकरण के लक्ष्यों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इसके तहत डिस्ट्रिक्ट 3233 जी-1 ने वर्ष 2026-27 में 18 नए लायंस क्लब स्थापित करने तथा 1208 नए सदस्यों को लायनवाद से जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए संपूर्ण टीम ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जीईटी कोऑर्डिनेटर अनिल धारीवाल ने उपस्थित राष्ट्रीय एवं प्रांतीय लायंस लीडर्स के समक्ष अपनी विस्तृत रिपोर्ट एवं कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसे सराहा गया। उन्होंने संगठन विस्तार और सेवा गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
उक्त जानकारी लायंस क्लब जावरा के सह सचिव संदीप रांका द्वारा प्रदान की गई। लायंस इंटरनेशनल की इस राष्ट्रीय कार्यशाला में जावरा के प्रतिनिधित्व ने क्षेत्र के लायंस सदस्यों में उत्साह और गौरव का वातावरण निर्मित कर दिया है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत