डूंगरपुर ( राजस्थान)
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत मंगलवार को डूंगरपुर जिले की ग्राम पंचायत वागदरी तालाब पर जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने आमजन के साथ तालाब पर श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया और “जल है तो कल है” का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्री बंसीलाल कटारा, श्री पंकज जैन, श्री हसमुख पंड्या, प्रशासक तोमर देवी, श्री उमेश भनात सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिला कलक्टर श्री देशलदान, उपवन संरक्षक श्री मोहित गुप्ता, कार्यवाहक अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हनुमान सिंह राठौड़, उपखंड अधिकारी श्री सोनू कुमार गुर्जर, अधीक्षण अभियंता श्री मूलाराम सोलंकी एवं तहसीलदार श्री कमलेश मीणा की उपस्थिति में कार्यक्रम को भव्य रूप दिया गया।
प्रभारी मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का जन आंदोलन है। उन्होंने “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील करते हुए कहा कि यदि हर व्यक्ति प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए, तो राजस्थान को हराभरा और जल समृद्ध बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान तालाब पर विधिवत जल पूजन किया गया। इसके बाद प्रभारी मंत्री, अतिथियों और अधिकारियों ने श्रमदान कर लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। वहीं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, युवा एवं महिलाएं मौजूद रहीं और सभी ने जल बचाने एवं पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री श्री खराड़ी जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए राज्य सरकार की जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जनभागीदारी आधारित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
डूंगरपुर में आयोजित यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन को बचाने की दिशा में जन चेतना का बड़ा संदेश बनकर उभरा।
भरत पंड्या | संवाददाता, डूंगरपुर