रतलाम / जावरा
जावरा शहर में मुस्लिम समाज द्वारा गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग को लेकर जोरदार पहल की गई। समाज के लोगों ने एकजुट होकर जावरा एसडीएम श्री सुनील जायसवाल (Sunil Jaiswal) को ज्ञापन सौंपते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने का आग्रह किया। इस दौरान समाजजनों ने “वतन से मोहब्बत ईमान का हिस्सा है” का संदेश देते हुए देशहित, गौ संरक्षण और सामाजिक सौहार्द पर जोर दिया।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि भारत की संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं बल्कि कृषि, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार भी है। समाजजनों ने मांग की कि गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित किया जाए तथा गौ हत्या पर देशभर में कठोर कानून लागू किए जाएं।
ज्ञापन सौंपते समय वक्ताओं ने कहा कि गौ सेवा और संरक्षण किसी एक धर्म या समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय है। मुस्लिम समाज द्वारा उठाई गई यह पहल सामाजिक एकता, भाईचारे और राष्ट्र प्रेम का संदेश देती है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के युवा, बुजुर्ग एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हुए एसडीएम श्री सुनील जायसवाल से मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने की अपील की।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत