रतलाम / सैलाना
नगर की कीर्ति विहार कॉलोनी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में बाबा श्याम की प्राण-प्रतिष्ठा के पांच वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित भव्य धार्मिक आयोजन ने पूरे सैलाना को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया। लगातार पांच वर्षों से आयोजित हो रहे विशाल नगर भोज एवं सेवा महोत्सव ने इस वर्ष भी श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। सोमवार को सुबह से देर रात तक मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण “जय श्री श्याम” के जयघोष से गूंजता रहा।
मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा, मनमोहक विद्युत रोशनी एवं भव्य श्याम दरबार से विशेष रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्याम के पंचामृत अभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन एवं शांति हवन से हुई। इसके पश्चात बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे।
पूरे दिन भजन-कीर्तन एवं श्याम संकीर्तन की मधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते नजर आए। शाम को आयोजित महाआरती के दौरान मंदिर परिसर दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में बाबा श्याम का गुणगान कर सुख-समृद्धि की कामना की।
आयोजन का मुख्य आकर्षण विशाल नगर भोज रहा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक प्रसादी ग्रहण की। पिछले पांच वर्षों से निरंतर जारी यह सेवा परंपरा अब सैलाना नगर की धार्मिक एवं सामाजिक पहचान बन चुकी है। आयोजन को सफल बनाने में खाटू श्याम सेवा समिति, महिला मंडल, युवाओं एवं नगरवासियों ने सेवा भाव से महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडीयार सहित नगर के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं वरिष्ठ नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने बाबा श्याम के दरबार में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं नगर की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जनप्रतिनिधियों ने आयोजन समिति द्वारा पिछले पांच वर्षों से निरंतर की जा रही सेवा, नगर भोज एवं धार्मिक आयोजनों की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था एवं जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
समिति सदस्यों ने बताया कि बाबा श्याम की असीम कृपा से हर वर्ष यह आयोजन और अधिक भव्य स्वरूप ले रहा है। इस वर्ष श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व उपस्थिति ने पूरे सैलाना को सचमुच “श्याममय” बना दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत