सैलाना / रतलाम
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड सैलाना, जिला रतलाम अंतर्गत सेक्टर क्रमांक-04 सकरावदा की नवांकुर संस्था आदर्श सकरावदा ग्राम विकास समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अडवानिया द्वारा गंगा दशहरा के पावन अवसर पर ग्राम गोवर्धनपुरा में भव्य जल स्रोत पूजन, कलश यात्रा एवं जल संरक्षण शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। पूरे आयोजन ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम के तालाब पर सामूहिक श्रमदान से हुई, जहां ग्रामीणों एवं अतिथियों ने मिलकर जल स्रोत की साफ-सफाई कर जल संरक्षण का संदेश दिया। इसके पश्चात विधिवत कलश पूजन कर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की, वहीं युवाओं एवं ग्रामीणों ने जल बचाने के संकल्प के साथ जनजागरण किया। पूरा गांव “जल है तो कल है” एवं “जल बचाओ-जीवन बचाओ” के नारों से गूंज उठा।
यात्रा के पश्चात जल स्रोत पूजन कर चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को जल की महत्ता, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण एवं पानी के सदुपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण केवल अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सैलाना सुश्री रिया गैरा, जनपद पंचायत सैलाना अध्यक्ष श्रीमती कैलाश बाई चारेल, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्रीमती संगीता विजय चारेल, जनपद सदस्य सुभाष भाँवर, उपयंत्री गौरव शर्मा, ग्राम पंचायत अडवानिया सरपंच श्रीमती जमुना बाई मईड़ा, ग्राम पंचायत सचिव अनिल साहू, ब्लॉक समन्वयक रत्नलाल चरपोटा, किसान मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष देवचंद पाटीदार, संस्था प्रमुख सुरेन्द्र जाट, अमृत परिहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए जल स्रोतों को संरक्षित रखने एवं पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत