रत्नागिरी ( महाराष्ट्र)
रत्नागिरी (महाराष्ट्र) में आयोजित राष्ट्रीय फिटनेस एवं बॉडीबिल्डिंग चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश बॉडीबिल्डिंग टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपना परचम लहरा दिया। मेजबान महाराष्ट्र सहित देश के 15 राज्यों से पहुंचे 275 से अधिक प्रतिभागियों के बीच मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर कई प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में भारत उदय, भारत किशोर, भारत कुमार, भारत केसरी, भारत श्री, मेंस फिजिक एवं क्लासिक फिजिक जैसे प्रतिष्ठित खिताबों के लिए मुकाबले हुए। मध्यप्रदेश से 12 शरीर साधकों का चयन राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए हुआ था, जिनमें जबलपुर के खिलाड़ियों ने सबसे अधिक चमक बिखेरी।
स्पर्धा के पहले दिन स्टार बॉडीबिल्डर आसिफ मूसा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत उदय के प्रथम समूह में स्वर्ण पदक जीतकर खिताब अपने नाम किया। वहीं करन कुमार ने कड़े मुकाबले में भारत केसरी के द्वितीय समूह में स्वर्ण पदक हासिल कर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन चंद्रभान धुर्वे ने जबरदस्त संघर्ष के बाद भारत किशोर तृतीय समूह में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
तीनों खिलाड़ियों ने महाराष्ट्र और कर्नाटक के दिग्गज बॉडीबिल्डर्स को चुनौती देते हुए राष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश का डंका बजा दिया। शरीर सौष्ठव के इतिहास में यह पहला अवसर माना जा रहा है जब मध्यप्रदेश टीम, विशेषकर जबलपुर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी सफलता हासिल की हो।
इसके अलावा विकास कनोजिया ने भारत केसरी प्रथम वर्ग समूह में कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। महेन्द्र पटेल ने द्वितीय वर्ग समूह में चौथा स्थान हासिल किया, जबकि अभिजीत गर्ग और अनूप दीवान का प्रदर्शन भी काफी सराहनीय रहा। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की केसरी-2 प्रतियोगिता में देवेंद्र तिवारी ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
टीम के कोच शैलेन्द्र श्रीवास्तव एवं मैनेजर अमित सोनकर की रणनीति और मार्गदर्शन को इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नेशनल रेफरी के रूप में शकील अनवर, डॉ. राकेश तिवारी एवं सचिन यादव को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
मध्यप्रदेश टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मध्यप्रदेश अमेच्योर शरीर सौष्ठव संघ के अध्यक्ष सुमित कालिया सहित सौरभ नाटी शर्मा, बी.के. पाठक, अशोक कपूर, जी.एस. चौहान, अरविंद डहाके, डॉ. अभिजात कृष्ण त्रिपाठी, एड. सम्पूर्ण तिवारी, सपन रॉय, डॉ. प्रशांत मिश्रा, अवधेश यादव, इंद्रपाल सिंह गोगी, लखन नायक, मुईन सिद्दीकी, राजेश राठौर, लारेंस मार्टिन, दीनू स्वामी, आनंद तिवारी, शीतल जाट, गुरुचरण श्रीवास्तव, अभय असाटी, रॉक्सन सिंह, आशीष सिंगरहा, प्रकाश चौकसे, शादाब अंसारी, गोल्डी अब्बासी, मो. राशिद, हर्ष गोस्वामी एवं मो. इरशाद सहित अनेक खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया।
रिपोर्टर : जितेंद्र कुमावत