रतलाम/जावरा
जावरा शहर पुलिस ने बकरा चोरी की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए अंतरजिला चोरी गिरोह के 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए बकरे, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, हथियार एवं नगदी सहित कुल करीब ₹6.62 लाख का मश्रुका बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय चोरी गैंगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा श्री युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावरा शहर निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलोई के नेतृत्व में पुलिस एवं साइबर सेल टीम ने यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी।
जानकारी के अनुसार फरियादी शाकीर पिता रजाक पटेल, निवासी महिदपुर गेट जावरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उसके घर के पीछे बने कमरे का ताला तोड़कर 08 बकरा-बकरी चोरी कर ले गए। चोरी गए पशुओं की कीमत लगभग ₹80 हजार बताई गई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और जावरा, नागदा, उन्हेल, उज्जैन एवं इंदौर सहित कई क्षेत्रों में लगातार दबिश दी गई।
तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की मदद और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने इंदौर निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों से चार बड़े बकरे, सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार (MP-13-ZM-9997), एक चाकू, दो लोहे की टामियां और नगदी बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल दानीश, जिशान उर्फ हम्मु, अमीरुद्दीन और जुनेद शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा जावरा एवं आसपास के क्षेत्रों में अन्य चोरी की वारदातों में शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से रिमांड लेकर अन्य मामलों में पूछताछ करेगी।
जावरा शहर पुलिस एवं साइबर सेल की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई की क्षेत्रभर में जमकर सराहना हो रही है।
Crime reporter Jitendra Kumawat