|
मंदिर से चप्पल चोरी मामला सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय आगर मालवा। जिले के बड़ागांव के नायब तहसीलदार के साथ चप्पल चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। घटना प्रसिद्ध बगुलामुखी मंदिर में उस समय की है, जब वे दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन कर लौटने पर नायब तहसीलदार की चप्पल वहां से गायब मिली। इस पर उन्होंने मंदिर प्रबंधन से सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच करवाई। फुटेज में एक व्यक्ति चप्पल ले जाते हुए दिखाई दिया। जिसकी पहचान भी कर ली गई। पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने चप्पल ले जाना स्वीकार कर लिया। मामला सामने आने के बाद नायब तहसीलदार ने मंदिर परिसर में चप्पलों सहित अन्य सामान की चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने चप्पल चोर के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 और 126 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है। नायब तहसीलदार का यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। फिलहाल प्रशासन मामले में आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। रिपोर्ट:-अर्पित हरदेनिया |