|
नीमच : आगामी होली, धुलेंडी, रंगपंचमी एवं रमजान के पावन पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए अंकित जायसवाल के नेतृत्व में नीमच पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जिला मुख्यालय सहित संपूर्ण जिले में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर अपने-अपने थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, शांति समिति की बैठकें आयोजित करने, पुलिस बल की ब्रीफिंग करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष तैनाती एवं फ्लैग मार्च निकालने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च दिनांक 01.03.2026 को होली एवं धुलेंडी के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल द्वारा नीमच केंट, बघाना एवं नीमच सिटी के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान आमजन से त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सद्भावना के साथ मनाने की अपील की गई। फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवल सिंह सिसोदिया, एसडीएम श्री संजीव साहु, नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान, रक्षित निरीक्षक श्री विक्रम सिंह भदौरिया सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी प्रकार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच पर होलीका दहन एवं धुलेंडी ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग लेकर निर्देशित किया गया कि त्यौहारों के दौरान पूर्ण मुस्तैदी से ड्यूटी करें तथा आमजन के साथ सौम्य एवं सकारात्मक व्यवहार रखें। होटल, लॉज एवं ढाबों की सघन जांच ड्राय डे को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। जिले के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित होटल, लॉज एवं ढाबों की सघन चेकिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। नीमच पुलिस की आमजन से अपील नीमच पुलिस ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि त्यौहारों के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या विवादित पोस्ट साझा न करें। अफवाहों पर ध्यान न दें और त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। नीमच पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी त्यौहार हर्षोल्लास, भाईचारे एवं शांति के साथ संपन्न हों। |