|
मंदसौर/सीतामऊ : रघुवीर सिंह महाविद्यालय द्वारा लदूना पंचायत में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का आयोजन मुख्य कार्यक्रम अधिकारी पंकज पाटीदार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर का शुभारंभ 20 फरवरी को हुआ। प्रथम दिवस स्वयंसेवकों ने ग्राम भ्रमण कर लदूना झील एवं लदूना महल का अवलोकन किया तथा वहां की ऐतिहासिक जानकारी प्राप्त की। द्वितीय दिवस “स्वच्छ भारत – सुंदर भारत” विषय पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर डॉ. राजेश कुमार वैष्णव एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों ने पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। तृतीय दिवस “शिक्षा का महत्व” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि रामपाल जी (अध्यक्ष, सुंदरकांड समिति) ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। स्वयंसेवकों ने कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया तथा शिक्षा विषय पर समूह चर्चा की। चतुर्थ दिवस “नशा मुक्त भारत” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वयंसेवक हर्षवर्धन सिंह ने सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, अनुशासन, ग्राम संपर्क, समूह चर्चा एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वयंसेवकों ने सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं दल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिविर के अंतिम दिवस समापन समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक महेश जी राठौड़, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश साकवर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के भाग संयोजक हर्षित जी दरिया तथा जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना के.आर. सूर्यवंशी उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करती है। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने समाज सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। सात दिवसीय शिविर ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान की। रिपोर्ट : अंबालाल मकवाना |