|
जिला न्यायालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली आगर-मालवा : मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगर मालवा द्वारा न्यायोत्सव अभियान के तहत विभिन्न विधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अभियान के समापन अवसर पर जिला न्यायालय आगर मालवा से 20 नवंबर को प्रातः विधिक जागरूकता वृहद बाइक रैली आयोजित की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री डी.एस. चौहान एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व जिला न्यायाधीश श्री सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर इस बाइक रैली को रवाना किया। विधिक जागरूकता बाइक रैली जिला न्यायालय से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए विधिक जागरूकता का संदेश देते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर पर आकर संपन्न हुई। विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का हुआ शुभारंभ रैली के समापन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला न्यायालय में लगाई गई। विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का फीता काटकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री डी.एस. चौहान एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जिला न्यायाधीश श्री सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री डी.एस. चौहान एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जिला न्यायाधीश श्री सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने उपस्थित न्यायाधीशगण के साथ इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रदर्शनी को आमजनों के लिए विधिक जागरूकता एवं विभिन्न कानून और प्रावधानों को जानने समझने का एक जन उपयोगी मंच बताया। इस अवसर पर जिला न्यायालय के न्यायाधीशगण, अधिकारी, कर्मचारी, पैरा लीगल वालंटियर, एसडीओपी सुश्री नीलम बघेल, कोतवाली थाना प्रभारी श्री नागेश यादव सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस जवान उपस्थित थे। |