रतलाम /सैलाना। मध्यप्रदेश की सियासत में एक बार फिर कांग्रेस ने मोहन यादव सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को सैलाना की जैन धर्मशाला में आयोजित पूर्व मंत्री स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत की जन्म जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह के मंच से प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। किसानों की बदहाली आदिवासी अस्मिता कृषि उपज के दाम बिजली कनेक्शन और जमीनों के अधिग्रहण जैसे मुद्दों को उठाते हुए पटवारी ने सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्होंने राजनीतिक अंदाज में दावा किया कि मोहन यादव सरकार के पास अब केवल 813 दिन शेष हैं और इसके बाद सरकार की विदाई तय है।
पटवारी ने कहा कि उन्होंने आज तक ऐसा मुख्यमंत्री नहीं देखा जो आदिवासी दिवस के औचित्य पर ही सवाल खड़े करे। किसानों की जमीनें छीनी जा रही हैं अन्नदाता को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं और दूसरी ओर सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने में लगी है। उन्होंने कहा कि सत्ता का नशा किसानों पर नहीं बल्कि भाजपा के नेताओं और उनकी सरकार पर चढ़ा हुआ है। वर्ष 2028 में यही किसान और जनता इस नशे को उतारेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का संबोधन केवल राजनीतिक आरोपों तक सीमित नहीं रहा बल्कि उन्होंने किसानों के हित में कानून बनाने और जमीनों की वापसी का वादा कर आने वाले विधानसभा चुनाव की दिशा में कांग्रेस के मुद्दों का संकेत भी दिया।
राम-राम से शुरुआत मुख्यमंत्री पर सीधा प्रहार
बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय को राम-राम कहकर जीतू पटवारी ने अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि आम जनमानस तो यही चाहता है कि मोहन यादव मुख्यमंत्री बने रहें क्योंकि उनके मुख्यमंत्री बने रहने से कांग्रेस की सरकार बनने का रास्ता और साफ होता जा रहा है।
पटवारी ने कहा कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है। आदिवासी समाज इस धरती का असली मालिक है और उसकी संस्कृति परंपरा तथा अस्मिता का सम्मान होना चाहिए। ऐसे महत्वपूर्ण दिवस की तारीख और उसके औचित्य पर मुख्यमंत्री द्वारा सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के इस बयान ने भाजपा की आदिवासी समाज के प्रति सोच को उजागर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के योगदान और उसके अधिकारों को समझने के बजाय सरकार के जिम्मेदार लोग ही सवाल खड़े कर रहे हैं। यह प्रदेश के आदिवासी समाज का अपमान है जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं करेगी।
किसानों को नशेड़ी बताने वाले भाजपा सांसद को पटवारी का करारा जवाब
किसानों को लेकर भाजपा सांसद की टिप्पणी पर पटवारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक भाजपा सांसद यह कहता है कि किसान तीन महीने काम करते हैं और बाकी नौ महीने चरस-गांजा पीते हैं। यह देश के अन्नदाता का अपमान है। खेतों में दिन-रात मेहनत करके पूरे देश का पेट भरने वाले किसानों के प्रति ऐसी भाषा बेहद निराशाजनक है।
पटवारी ने तल्ख लहजे में कहा कि नशे में किसान नहीं हैं नशे में तो आप हैं। सत्ता का नशा आपके सिर चढ़कर बोल रहा है। यह नशा वर्ष 2028 में किसान ही उतारेंगे।
उन्होंने कहा कि किसान मौसम की मार झेलता है फसल खराब होने पर कर्ज में डूबता है और अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष करता है। ऐसे में उसके परिश्रम का सम्मान करने के बजाय उसे नशेड़ी बताना भाजपा नेताओं की किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
कांग्रेस की सरकार बनी तो MSP से कम दाम पर नहीं बिकेगी कृषि उपज
पटवारी ने किसानों के हित में बड़ा राजनीतिक वादा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसा कानून बनाया जाएगा जिसके तहत केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम कीमत पर किसी भी किसान की कृषि उपज नहीं खरीदी जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल का उचित मूल्य पाने के लिए दर-दर भटकता है। बाजार में कई बार उसे समर्थन मूल्य से कम दाम मिलते हैं लेकिन उसकी पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं है। कांग्रेस किसानों को केवल आश्वासन नहीं बल्कि कानूनी सुरक्षा देने की दिशा में काम करेगी।
पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले वर्षों के दौरान लगभग 1 लाख 46 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि किसानों से औने-पौने दामों पर जबरन खरीदी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के बाद कानून बनाकर किसानों की छीनी गई जमीनें वापस दिलाने की दिशा में कदम उठाएगी।
उन्होंने भावुक अंदाज में सवाल उठाया कि किसान अपनी जमीन खुशी से नहीं बेचता बल्कि कई बार आर्थिक मजबूरी उसे ऐसा करने पर विवश कर देती है। जिस किसान की पहचान उसकी जमीन और खेती से है यदि उसे ही जमीन बेचनी पड़े तो फिर उसकी समृद्धि कहां रह जाती है?
खेत में पानी नहीं अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए मांगे जा रहे 14 हजार रुपये
किसानों की सिंचाई व्यवस्था और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी पटवारी ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खेतों में पानी की स्थिति बेहद खराब है। कहीं 15 दिन का पानी शेष है तो कहीं एक महीने का। ऐसे कठिन समय में किसान अपनी फसल बचाने के लिए परेशान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग द्वारा अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए किसानों से 14 हजार रुपये तक मांगे जा रहे हैं। पटवारी ने कहा कि किसान के पास जितने समय के लिए पानी उपलब्ध है उसी अवधि के अनुसार उससे भुगतान लिया जाना चाहिए। किसान पहले ही प्राकृतिक संकट और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है। ऐसे में उस पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है।
अमेरिका से कृषि उत्पाद खरीदने की डील पर मोदी सरकार को घेरा
अपने संबोधन में पटवारी ने केंद्र की मोदी सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेरिका से बड़ी मात्रा में कृषि उत्पाद खरीदने की डील पर हस्ताक्षर किए जाने का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि यदि भारत विदेशों से कृषि उत्पाद खरीदेगा तो देश के किसानों की उपज का क्या होगा?
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान पहले से ही लागत खाद बीज बिजली और फसल के उचित मूल्य जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में विदेशी कृषि उत्पादों की खरीद से देश के किसानों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं।
पटवारी ने कहा कि समय आने पर देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक खुमारी भी उतारेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और विपक्षी ताकतें एकजुट होकर उस दिन का इंतजार कर रही हैं जब कथित वोट चोरी करने वालों को सत्ता से बाहर किया जाएगा।
हर्ष विजय गेहलोत ने पिता को किया याद बोले—जनता की सेवा के लिए चुना था राजनीति का रास्ता
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने अपने पिता स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने राजनीति का रास्ता अपने व्यक्तिगत करियर या स्वार्थ के लिए नहीं बल्कि जनता की सेवा के उद्देश्य से चुना था।
उन्होंने सौहार्दपूर्ण व्यवहार और जनसेवा के माध्यम से विकास के नए आयाम स्थापित किए तथा सैलाना क्षेत्र को कांग्रेस का मजबूत गढ़ बनाया। उनके विचार और जनसेवा की भावना आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
हर्ष विजय गेहलोत ने प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक परिस्थितियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वर्तमान में देश और प्रदेश में सरकार नहीं बल्कि सर्कस चल रहा है। उन्होंने आगामी दिनों में सूखे की विकट स्थिति बनने की आशंका जताते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस कठिन दौर में जनता के साथ खड़े रहेंगे और शासन-प्रशासन पर आवश्यक दबाव बनाकर किसानों तथा आम लोगों को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे।
दिनेश बोस बोले—खोखली हो चुकी हैं सरकारें जनता को अब सड़क पर उतरना होगा
महिदपुर विधायक दिनेश बोस ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारें खोखली हो चुकी हैं और प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। शासकीय कार्यालयों में नियमित भर्ती के स्थान पर आउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारियों की नियुक्तियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार किसानों को राहत और आम जनता को उनके अधिकार दिलाने के लिए अब निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी। जनता को अपने हक की आवाज बुलंद करते हुए सड़क पर उतरना होगा और इस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट होना होगा।
जिला कांग्रेस प्रभारी रमनसिंह सिकरवार ने भी अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने का आह्वान किया।
स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
समारोह की शुरुआत नगर में तहसील कार्यालय के समीप स्थित स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित उपस्थित अतिथियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। इसके बाद सभी अतिथि जैन धर्मशाला में आयोजित मुख्य समारोह में पहुंचे।
कार्यक्रम के आयोजक हर्ष विजय गेहलोत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित सभी अतिथियों का आदिवासी संस्कृति और परंपरा के प्रतीक तीर-कमान भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान समारोह में आदिवासी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।
करीब 20 लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ
समारोह के दौरान कांग्रेस के प्रति समर्थन जताते हुए करीब 20 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इसे संगठन के लिए उत्साहजनक बताया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता और क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
समारोह में स्वर्गीय प्रभुदयाल गेहलोत के पुत्र राजेश गेहलोत पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत पौत्र हनी गेहलोत रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा पूर्व विधायक वरसिंह भूरिया जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भरावा रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा मयंक जाट सैलाना नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहकारी नेता जगदीश कुमावत सैलाना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश डिंडोर सरवन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष छगन भगोरा रावटी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र गरवाल जगदीश पाटीदार श्रीराम चौधरी महेंद्र शुक्ला राधेश्याम पाटीदार दिलीप कुमावत हेमंत कुमावत सहित जिला ब्लॉक एवं मंडलम स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मंगलेश कसेरा ने किया तथा आभार बाजना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश डामर ने व्यक्त किया।
सैलाना की इस सभा से कांग्रेस ने किसान आदिवासी और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ अपने तेवर साफ कर दिए। जीतू पटवारी का 813 दिन वाला बयान जहां राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना वहीं MSP पर कानूनी गारंटी और किसानों की जमीन वापस दिलाने का वादा आने वाले दिनों में प्रदेश की सियासत में नई बहस को जन्म दे सकता है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत