रतलाम / सैलाना। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को सैलाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रानीसिंग में आदिवासी समाज के गौरव, स्वाभिमान और ऐतिहासिक संघर्ष का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की विशाल प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा। इसके साथ ही आदिवासी समाज की सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक उन्नति तथा संवैधानिक अधिकारों को लेकर विशाल आदिवासी चिंतन शिविर भी आयोजित होगा। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ग्राम रानीसिंग पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के साथ निर्माणाधीन विशाल प्रतिमा स्थल का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की विशाल प्रतिमा का निर्माण कार्य अब पूर्णता की ओर अग्रसर है। यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान तथा अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देने वाला ऐतिहासिक प्रतीक बनेगी।
विधायक डोडियार ने आयोजन की तैयारियों में जुटे ग्राम पंचायत सरपंच अंबाराम गरवाल तथा आयोजन समिति के सदस्य जिनेंद्र मुनिया, दिलीप गरवाल, बहादुर देवदा सहित समस्त कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों और युवाओं का उत्साह इस आयोजन को यादगार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
चिंतन शिविर में जुटेंगे राजस्थान के आदिवासी जनप्रतिनिधि
इस आयोजन का विशेष
आकर्षण प्रतिमा अनावरण के पश्चात होने वाला आदिवासी चिंतन शिविर रहेगा। इसमें भारत आदिवासी पार्टी के बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत सहित डूंगरपुर, बांसवाड़ा एवं प्रतापगढ़ क्षेत्र के विधायक तथा विभिन्न क्षेत्रों से आदिवासी समाज के कार्यकर्ता और प्रतिनिधि शामिल होंगे। शिविर में आदिवासी समाज की वर्तमान परिस्थितियों, शिक्षा, सामाजिक चेतना, राजनीतिक भागीदारी, सांस्कृतिक पहचान, संवैधानिक अधिकारों और भविष्य की चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
मूर्ति अनावरण से आगे समाज की दिशा और दशा पर होगा मंथन
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय, शोषण और अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष, साहस और आदिवासी स्वाभिमान का प्रतीक है। उनके विचार आज भी आदिवासी समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और पहचान के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देते हैं।
रानीसिंग में आयोजित यह कार्यक्रम केवल प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज को एकजुट करने, नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने और शिक्षा, संगठन तथा संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का मंच बनेगा।
विधायक डोडियार ने सैलाना विधानसभा सहित आसपास के क्षेत्रों के समस्त आदिवासी समाजजनों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से 15 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में ग्राम रानीसिंग पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होने वाला यह आयोजन आदिवासी समाज की एकता, स्वाभिमान और अधिकारों की आवाज को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत