रतलाम। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन साल से फरार चल रहे 12 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। थाना स्टेशन रोड और थाना बिलपांक पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गुजरात के वडोदरा से दबोचा। आरोपी वर्ष 2023 से NDPS एक्ट के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी और पुलिस अधीक्षक द्वारा 12 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पन्द्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के नेतृत्व मार्गदर्शन में थाना स्टेशन रोड प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम की अगुवाई में संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
दो थानों में दर्ज थे मादक पदार्थ तस्करी के मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिलशाद उर्फ दिलशाह पिता सिराज उल हक शेख (36 वर्ष) निवासी जहांगीरपुरा, जिला सूरत (गुजरात) के खिलाफ थाना स्टेशन रोड में अपराध क्रमांक 489/2023 धारा 8/15, 29 NDPS एक्ट के तहत 18 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) की तस्करी का मामला दर्ज था। वहीं थाना बिलपांक में अपराध क्रमांक 422/2023 धारा 8/22, 29 NDPS एक्ट के तहत 11 ग्राम MD ड्रग्स की तस्करी के मामले में भी वह आरोपी था।
दोनों मामलों में आरोपी वर्ष 2023 से फरार था। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें कई बार गुजरात स्थित उसके निवास और संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी थीं, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। आखिरकार संयुक्त पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मैदानी प्रयासों के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
वडोदरा से गिरफ्तारी, रिमांड पर पूछताछ
पुलिस टीम ने 5 नवंबर 2026 को गुजरात के वडोदरा से आरोपी दिलशाद उर्फ दिलशाह को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना स्टेशन रोड प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उपनिरीक्षक जितेन्द्रसिंह कनेश, आरक्षक मोहन पाटीदार, आरक्षक विनोद मेवाड़ा तथा थाना बिलपांक प्रभारी निरीक्षक अय्युब खान और प्रधान आरक्षक क्रमांक 43 हेमन्त परमार की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत