|
नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा, कलेक्टर श्री हिमांशु चन्द्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास सहित जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासन अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ आयोजन विजयादशमी (दशहरा) पर्व के पावन अवसर पर दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन कनावटी, नीमच में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन में पारंपरिक शस्त्र पूजन समारोह का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुलिस विभाग के शस्त्रों का विधि-विधानपूर्वक पूजन किया गया तथा सभी ने एक-दूसरे को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा, कलेक्टर नीमच श्री हिमांशु चन्द्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नीमच श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। पुलिस विभाग में यह आयोजन कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, शौर्य एवं जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। इस अवसर पर पंडीत श्री घनश्याम शास्त्री द्वारा पुलिस विभाग के शस्त्रों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन कर प्रदेश एवं जिले में शांति, सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प को दोहराया गया। शस्त्र पूजन के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास एवं अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिस वाहनों का भी विधि-विधानपूर्वक पूजन किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था एवं जनसेवा के दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। इसी क्रम में जिले के समस्त पुलिस थानों एवं पुलिस चौकियों में भी थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा विजयादशमी पर्व के अवसर पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन-अर्चन कर पर्व मनाया तथा आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। नीमच पुलिस की ओर से समस्त जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। |