|
154 मरीजों की बीपी एवं शुगर स्क्रीनिंग, 35 की ईसीजी और 28 मरीजों की लिपिड प्रोफाइल जांच नीमच : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय नीमच में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सीएमएचओ डॉ. दिनेश प्रसाद एवं सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटील के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में 154 मरीजों की ब्लड प्रेशर एवं शुगर की स्क्रीनिंग की गई। वहीं 35 मरीजों की ईसीजी तथा 28 मरीजों की लिपिड प्रोफाइल जांच की गई। एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. मनीष यादव एवं मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सतीश चौधरी द्वारा मरीजों की निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने मरीजों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि हृदय रोग के लक्षणों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान और समय पर जांच एवं उपचार से गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है। डॉ. मनीष यादव ने नशे से दूर रहने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव हृदय रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। |